रामनवमी पर बिलासपुर में निकली शोभायात्रा,गूंजता रहा जय श्रीराम..

# Neeraj Makhija | 31 Mar, 2023

बिलासपुर/- रामजी की निकली सवारी, रामजी की लीला है न्यारी...एक तरफ लक्ष्मण एक तरफ सीता बीच में जगत के पालन हारी...रामजी की निकली सवारी। कुछ इस अंदाज में शहरवासी व रामभक्त भावविभोर हो रहे थे। अवसर भी कुछ ऐसा ही था। रामनवमी के पावन पर्व पर सुबह से ही शहर का माहौल राममय हो गया था। शहरवासी राम की भक्ति में डूबे हुए थे। रामनवमी के अवसर पर परम रामभक्त हनुमानजी के मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी थी...

राम को मनाना है तो उनके परम भक्त हनुमानजी की पूजा-अर्चना तो करनी ही पड़ेगी। रामनवमी के पावन अवसर पर हनुमान मंदिरों में सुबह से लेकर शाम तक पूजा-अर्चना होती रही। श्रद्धालु राम सीता के प्रति आस्था प्रकट करने हनुमान मंदिर में मत्था टेकते रहे। रामभक्त के प्रति अटूट श्रद्धा व्यक्त करने का दिन था। जैसे राम के प्रति हनुमानजी की अगाध श्रद्धा जगजाहिर है उसी अंदाज में श्रद्धालुओं ने अपनी आस्था और श्रद्धा दोनों प्रकट की। शहर को ध्वज पताका, तोरण बंदनवार से सजाया गया है..

 

ऐसा कोई चौक नहीं और शहर के मोहल्लों में ऐसा कोई गली नहीं जहां तोरण पताका फहराते दिखाई न दे। सुबह से ही उल्लासपूर्ण माहौल में लोग नजर आए। सुबह के वक्त विभिन्न् मोहल्लों में प्रभात फेरी निकाली गई। रामजन्मोत्सव की लोग एक दूसरे को बधाई भी देते रहे। मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ लगनी शुरू हो गई थी। सदर बाजार स्थित वेंकटेश मंदिर में सुबह से ही चलह पहल शुरू हो गई थी। मंदिर के प्रमुख पुजारी से लेकर संस्कृत विद्यालय के छात्र मंदिर परिसर में नजर आए। संस्कृत के श्लोकों से मंदिर परिसर गुंज रहा था..

भक्तों के अलावा श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी। दोपहर तीन बजते-बजते मंदिर परिसर और बाहर मुख्य मार्ग पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। शोभायात्रा के लिज रथ भी सजधजकर तैयार हो गया था। राम जानकी लक्ष्मण और रामभक्त हनुमान की अनुपम झांकी देखते ही बन रही थी। जयश्रीराम के नारे के साथ शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ। यात्रा सदरबाजार के लिए जैसे ही कूच किया बाजेगाजे और रघुपति राघव राजाराम के भजनों से आकाश गुंजायमान हो गया..

सदरबाजार से गोलबाजार तक का माहौल देखते ही बनता था। जिनको जहां जगह मिली वहीं खड़े होकर शोभायात्रा को निहारते रहे और स्वागत करते रहे। सदरबाजार से गोलबाजार तक आसमान में फूलों की वर्षा होती रही। शहरवासियों ने इतने फूल बरसाए कि सड़क पर फूलों की एक परत ही बिछ गई थी। रंग-बिरंगे फूलों की चादर के बीच रामलला का दरबार चल रहा था। फूलों की वर्षा के साथ ही महिलाओं ने आरती भी उतारी। जगह-जगह आरती सजाए महिलाएं सजधजकर खड़ी हुई थीं। माहौल ऐसा कि अयोध्या में रामलला सड़कों में अपनों को दर्शन दे रहे हों। लोग श्रद्धा के साथ सिर झुकाए आरती उतारते रहे।

शोभायात्रा के दौरान नयनाभिराम झांकियों ने लोगों को मन मोह लिया। राम लक्ष्मण सीता और हनुमान, महादेव की झांकी ने लोगों को आकर्षित किया। झांकी के आगे-आगे घोड़े में सवार मातृशक्ति चल रही थी। मातृशक्ति के आगे बैंड, तासा, डीजे के धुन में नाचते गाते युवाओं की टोली चल रही थी। बीच-बीच में जयश्रीराम के उद्घोष से आकाश गूंज रहा था..

 

राजासाहब न्यूज/प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक जर्नलिस्ट एसोसिएशन एवं राजीव प्लाजा व्यापारी संघ ने किया भव्य स्वागत..

मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम जी के जन्मदिन के शुभ अवसर पर वेंकटेश मंदिर बिलासपुर से निकली भव्य शोभा यात्रा का राजीव प्लाजा के समीप प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक जर्नलिस्ट एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष राजेश माखीजा के मार्गदर्शन में राजासाहब न्यूज/प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक जर्नलिस्ट एसोसिएशन व राजीव प्लाजा व्यापारी संघ द्वारा राजीव प्लाजा के पास पुष्प वर्षा सहित आकर्षक आतिशबाजी कर भगवान राम की महाआरती तथा माला पहनाकर स्वागत किया गया..

इस कार्यक्रम में प्रमुख रूप से नीरज माखीजा,शंकर अधिजा,राजा जंकयानी,अंशु बजाज,प्रणव मिश्रा सहित अन्य पत्रकार साथी मौजूद रहे ..

इसके साथ ही राजीव प्लाजा व्यापारी संघ के धिल्ल्न् शर्मा,शंकर राव,सतीश लाल, राजा जन्क्यानी,राजेश वाधवानी, विजय वाधवानी,विक्की सचदेव,बंटी आहूजा, शत्रुघ्न चंद्रा, देव लोकवानी,संदीप कोडियार व पूरे व्यापारी संघ मौजूद रहें..

Banner