"टूटे सपने सारे,रूठे अपने सारे"...

# Neeraj Makhija | 25 Feb, 2023

बिलासपुर/- नशा किस तरह से नौजवानों का करियर बर्बाद कर रहा है और इससे होने वाली पारिवारिक समस्याओं को बताने पुलिस की ओर से वीडियो जारी किया गया है। यह वीडियो इंटरनेट मीडिया में तेजी से प्रसारित हो रहा है।

रैप सॉन्ग के बोल हैं-टूटे सपने सारे, रूठे अपने सारे.. मिले निजात नफरत की दुनिया से। मिले निजात शहर की पुड़िया से। इस वीडियो को अब शहर के युवा काफी पसंद कर रहे हैं। पुलिस का यह वीडियो सोशल मीडिया में भी धूम मचा रहा है..

पुलिस कप्तान संतोष कुमार ने कार्यभार ग्रहण करते ही शहर के साथ ही पूरे जिले में ऑपरेशन निजात अभियान शुरू किया है। तीन चरणों में ऑपरेशन निजात चलाकर जिले में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने की प्लानिंग है। इसके पहले चरण में जिले के सभी थानों में नशे का अवैध कारोबार करने वालों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई की जा रही है। इस दौरान गांजा, शराब के साथ ही नशे का सामान बेचने वाले तस्करों की धरपकड़ की जा रही है..

निजात अभियान के तहत तीन चरणों में नशे के कारोबार पर रोक लगाना है। पहले चरण में नशे के अवैध कारोबार करने वालों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। ताकि, इसकी बिक्री पर प्रतिबंध लग सके। फिर दूसरे चरण में जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा, जिसमें स्वयं सेवी संगठनों के माध्यम से लोगों के बीच जाकर नशे के साइड इफेक्ट की जानकारी दी जाएगी और तीसरे चरण में लोगों को नशे से दूर रहने की समझाइश दी जाएगी..

ऑपरेशन निजात के तहत बनाए गए इस रैप सॉन्ग को युवा वर्ग के लोग खूब पसंद कर रहे हैं। नशे से दूर रहने की सीख देने वाले इस गाने और वीडियो में बताया गया है कि नशे की आदत पड़ने पर युवाओं की कैसी हालत हो जाती है। पुलिस ऐसे लोगों की मदद के लिए तत्पर है और नशे की लत में पड़ने वाले युवाओं को हर संभव मदद करने के लिए तैयार है।

एसपी बोले- नशे से निजात मिलने की उम्मीद

एसपी संतोष कुमार ने कहा कि जनजागरूकता फैलाने के लिए सोशल मीडिया एक सशक्त माध्यम है। इसी उद्देश्य से पुलिस ने यह रैप सॉन्ग तैयार किया है। शहर के सामाजिक संगठन ऑपरेशन निजात में सहयोग कर रहे हैं। वहीं, शहर के सार्वजनिक जगहों पर भी ऑपरेशन निजात के पोस्टर्स लगाए गए हैं। उम्मीद है कि इससे नशे की लत में पड़ने वाले युवाओं को सबक मिलेगी और ऑपरेशन निजात के माध्यम से नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगेगा..

दूसरे जिलों में भी ऐसा ही अभियान

8 महीने पहले नशे के खिलाफ जिला पुलिस का अभियान ‘निजात’ की प्रस्तुति खैरागढ़ जिले के इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय में भी हुई। इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय में कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। यहां विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने जहां वीडियो रैप सांग की प्रस्तुति दी। वहीं नशे के दुष्प्रभावों पर नाटक का मंचन भी किया गया। छात्र-छात्राओं की प्रेरक प्रस्तुति ने एक तरह से समा बांध दिया। आम लोगों को जागरूक करने के लिए इन प्रस्तुतियों को सभी ने सराहा। कार्यक्रम में खैरागढ़ नगर के आम लोगों की खासी मौजूदगी भी रही

 कार्यक्रम में नाट्य विभाग द्वारा बनाया गया वीडियो तथा राजनांदगांव पुलिस द्वारा निजात अभियान के तहत बनाया गया वीडियो रैप सॉन्ग प्रोजेक्टर के माध्यम से दिखाया गया था

Banner