मां करती हैं कबाड़ का अवैध कारोबार तो वही उसकी आड़ में बेटी बेचती हैं नशीली दवाईयां,कोरियर से आते हैं नशे के इंजेक्शन-टेबलेट..

# Neeraj Makhija | 12 Jan, 2023

बिलासपुर/- सिविल लाइन पुलिस ने जरहाभाठा में दबिश देकर नशीले इंजेक्शन के साथ महिला को गिरफ्तार किया है,प्राथमिक पूछताछ में पता चला है कि महिला नशीली दवा को कुरियर से मंगाती थी। इसके बाद शहर में खपाया करती थी। महिला से पूछताछ कर उसे साथियों की भी जानकारी जुटाई जा रही है..

 सिविल लाइन पुलिस को सूचना मिली कि जरहाभाठा कुंआ गली में एक महिला नशीले इंजेक्शन बेच रही है। इस पर जवान महिला के गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे। बुधवार की शाम जवानों को पता चला कि महिला नशीले इंजेक्शन की खेप अपने ठिकाने पर लेकर आई है। इस पर जवानों ने उसके ठिकाने पर दबिश दी। पहले तो वह जवानों को गुमराह कर रही थी। कड़ाई करने पर उसने अपनी मां के कबाड़ दुकान के पास नशीले इंजेक्शन को छुपाकर रखना बताया। उसकी निशानदेही पर 600 प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन का एंपुल जब्त किया गया है

 महिला ने बताया कि वह कटनी से कुरियर के माध्यम से नशीली दवाएं मंगाती है। सप्लाई करने वालों से उसका मोबाइल के माध्यम से ही संपर्क होता है। पूछताछ के बाद महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है

वही नशीली दवाओं के साथ गिरफ्तार महिला से पूछताछ में पता चला कि वह पहले धर्मेंद्र गेंदले के साथ मिलकर काम करती थी। उसके जेल जाने के बाद महिला नशीली दवाओं के कारोबार में जुड़ गई। जांच में पता चला है कि इस काम में उसने कुछ नाबालिग को भी जोड़ लिया है। पूछताछ के आधार पर पुलिस अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है

चार दिन पहले प्रतिबंधित कफ सिरप पर हुई थी कार्रवाई

सिविल लाइन पुलिस ने चार दिन पहले सोमवार को जरहाभाठा में 145 प्रतिबंधित कफ सिरप के साथ जरहाभाठा निवासी अमर रात्रे को गिरफ्तार किया है। आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। इसके बाद से पुलिस की टीम नशीली दवाएं बेचने वालों पर नजर रखे हुए थी।

Banner