बनारस से ब्राउन शुगर लेकर न्यायधानी बिलासपुर आ रहे थे युवक,पुलिस को चकमा देने की थी तैयारी..

# Neeraj Makhija | 03 Jan, 2023

बिलासपुर/-  रतनपुर पुलिस ने दो युवकों को 25 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपित बनारस से बस में शहर आ रहे थे। इसकी सूचना पर दो जवानों को कटघोरा से बस में बिठाकर युवकों की पहचान कराई गई। बस के रतनपुर पहुंचते ही दोनों को गिरफ्तार किया गया

रतनपुर थाना प्रभारी प्रसाद सिन्हा ने बताया कि सोमवार की शाम सूचना मिली कि दो युवक बनारस से ब्राउन शुगर लेकर आ रहे हैं। दोनों बस से अंबिकापुर होते हुए बिलासपुर पहुंचेंगे। इसकी सूचना उन्होंने अधिकारियों को दी। इसके बाद दो जवानों को कटघोरा रवाना किया गया। दोनों जवान कटघोरा से बस में सवार हुए। उन्होंने बस में ही युवकों की पहचान कर ली

रतनपुर पहुंचने पर बस में सवार मो. जावेद(33) निवासी जरहाभाठा व प्रेमनारायण चौधरी(29) निवासी कतियापारा बस से उतर गए। उनके बस से उतरते ही जवानों ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। तलाशी में युवकों के पास 25 ग्राम ब्राउन शुगर मिला

पूछताछ में युवकों ने बताया कि दोनों 31 दिसंबर को बस से बनारस के लिए निकले। बनारस के केंट एरिया में जाकर उन्होंने एक व्यक्ति से संपर्क कर ब्राउन शुगर खरीदा। इसके बाद एक जनवरी की रात बनारस से अंबिकापुर तक बस में आए। अंबिकापुर से दो दिसंबर को वे बिलासपुर के लिए निकले थे। पुलिस को चकमा देने के लिए वे रतनपुर से दूसरी बस में बिलासपुर तक जाने वाले थे। इससे पहले ही दोनों ही पकड़े गए। आरोपित युवकों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है...

टीम में ये रहे शामिल

शहर में ब्राउन शुगर की सप्लाई करने वालों की गिरफ्तारी करने वाली टीम में हरविंदर सिंह, एसआइ अजय वारे, आरक्षक निखिल राव जाधव, प्रशांत सिंह , बोधुराम कुम्हार, रतनपुर थाना प्रभारी प्रसाद सिन्हा, आरक्षक दीपक मरावी, राहुल जगत, किर्ती पैकरा, संतोष श्रीवास, रामधीर टोप्पो शामिल रहे।

Banner