जन्मदिन की आड़ में ब्लैकमेलिंग का जाल,अंतरंग वीडियो बनाकर युवक से मांगे 1 लाख रुपए..

# Neeraj Makhija | 10 Mar, 2026

बिलासपुर। जिले में ब्लैकमेलिंग का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां जन्मदिन पार्टी के बहाने एक युवक को घर बुलाकर उसका अंतरंग वीडियो बना लिया गया और बाद में उसे वायरल करने की धमकी देकर एक लाख रुपये की मांग की गई। लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर युवक ने पुलिस की शरण ली, जिसके बाद मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पूरा मामला पचपेड़ी थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार केंवतरा आवासपारा निवासी नोहर कुमार सूर्यवंशी (33) एक निजी कंपनी में कार्यरत है। उसकी पहचान पास के गांव में रहने वाली एक महिला से थी।

बताया जा रहा है कि 1 फरवरी को महिला ने अपने बेटे के जन्मदिन का बहाना बनाकर युवक को अपने घर बुलाया। जब युवक वहां पहुंचा तो घर में उसकी परिचित एक अन्य महिला पहले से मौजूद थी। इसके बाद दोनों को एक कमरे में भेज दिया गया। इसी दौरान युवक और उसकी महिला मित्र के बीच संबंध बने। आरोप है कि उसी समय घर की महिला ने छिपकर दोनों का अंतरंग वीडियो बना लिया।

कुछ दिनों बाद आरोपी महिला ने युवक को वीडियो का स्क्रीनशॉट भेजते हुए दावा किया कि उसके पास पूरा वीडियो मौजूद है। इसके बाद उसने वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देते हुए युवक से एक लाख रुपये की मांग शुरू कर दी।

लगातार मिल रही धमकियों और ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर युवक ने सोमवार को पचपेड़ी थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी राज सिंह ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। घटना के तरीके को देखते हुए उस महिला की भूमिका पर भी संदेह जताया जा रहा है जो युवक के साथ कमरे में मौजूद थी। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Banner