टी-20 वर्ल्ड कप के बीच बिलासपुर में सट्टेबाजों की तलाश तेज,शहर के 6 फरार सटोरियों पर इनाम घोषित

# Neeraj Makhija | 08 Mar, 2026

बिलासपुर। शहर में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलाने वाले आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। सिविल लाइन क्षेत्र में दर्ज अलग-अलग मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे 6 सटोरियों की सूचना देने वाले को पुलिस ने 5-5 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है

सिविल लाइन सीएसपी निमितेश सिंह परिहार ने बताया कि शहर में ऑनलाइन माध्यम से क्रिकेट सट्टा खिलाने के मामलों में ये आरोपी काफी समय से फरार हैं। पुलिस लगातार उनके संभावित ठिकानों पर दबिश देकर पतासाजी कर रही है, लेकिन गिरफ्तारी के डर से आरोपी पुलिस से बचते फिर रहे हैं।

एसएसपी रजनेश सिंह ने फरार सटोरियों के बारे में सूचना देने वाले को 5-5 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है। साथ ही यह भी कहा गया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी

फरार सटोरियों में राज चेतवानी, सोम उर्फ अभिजीत दुबे, राजेश उर्फ राजा बजाज, सागर चेतवानी, रोहित पंजवानी और प्रकाश पंजवानी शामिल हैं, जो शहर के अलग-अलग इलाकों के निवासी बताए जा रहे हैं

बताया जा रहा है कि ये सभी आरोपी लंबे समय से ऑनलाइन माध्यम से क्रिकेट सट्टा खिलाने में सक्रिय थे। इससे पहले भी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन खाईवालों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। पुलिस का कहना है कि क्रिकेट सट्टा जैसे अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी और फरार आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। 

Banner