बिलासपुर पुलिस का ‘ऑपरेशन गोल्ड’ सफल,यूपी में एनकाउंटर,3 करोड़ लूट गैंग धराया..

# Neeraj Makhija | 19 Feb, 2026

डेस्क/- बिलासपुर में 3 करोड़ रुपये के सोने की सनसनीखेज लूट के बाद फरार आरोपियों को पुलिस ने फिल्मी अंदाज में उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की घेराबंदी तोड़कर भागने की कोशिश में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि तीन अन्य को दबोच लिया गया। अंतरराज्यीय समन्वय से महज 24 घंटे के भीतर हुई इस बड़ी कार्रवाई ने पुलिस की तेज रणनीति और मुस्तैदी को साबित कर दिया।

2 महीने पुराना सुराग बना ‘टर्निंग पॉइंट’

इस हाई-प्रोफाइल लूटकांड को सुलझाने में दो महीने पहले जबड़ापारा में पकड़े गए आरोपी गगनदीप बंसल से जुड़ा मोबाइल नंबर ‘गेम चेंजर’ साबित हुआ। लूट के बाद तकनीकी टीम ने जब टॉवर डंप खंगाला तो वही नंबर फिर एक्टिव मिला। सीएसपी निमितेश सिंह के नेतृत्व में टीम उस नंबर का पीछा करते हुए उर्तुम पहुंची, जहां लूटी गई कारोबारी की कार बरामद हुई। इसके बाद तत्काल यूपी पुलिस को अलर्ट कर संयुक्त ऑपरेशन शुरू किया गया।

मिर्जापुर में फिल्मी अंदाज में मुठभेड़,

पैर में गोली लगने के बाद आरोपी गिरफ्तार उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के अहरौरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने चेकिंग के दौरान संदिग्ध आई-20 कार को घेरा। खुद को घिरता देख आरोपी भागने लगे, जिस पर पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ में एक आरोपी के पैर में गोली लगी और चारों बदमाश गिरफ्तार कर लिए गए।

6 महीने से बिलासपुर में किराए पर रहकर बना रहे थे प्लान

जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी पिछले 6 महीने से सीपत क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहे थे और ज्वेलरी कारोबारियों की रेकी कर रहे थे। उन्होंने लूट के लिए बेहद शातिर और सुनियोजित योजना बनाई थी।

मास्टर माइंड प्लान: चोरी की बाइक, चोरी की कार और बैकअप गाड़ियां

अंबिकापुर से नगर सैनिक की बाइक चोरी

जांजगीर से ईको कार चोरी

वारदात के बाद कारोबारी की कार से फरार हर 100-150 किमी पर गाड़ी बदलने की तैयारी रास्ते में पहले से बैकअप वाहन तैनात आरोपियों की योजना यूपी बॉर्डर पार कर पुलिस को चकमा देने की थी।

आईजी ने संभाली कमान, रातभर चला हाई-वोल्टेज ऑपरेशन

इस सनसनीखेज मामले में आईजी रामगोपाल गर्ग ने खुद मोर्चा संभाला। अवकाश पर होने के बावजूद एसएसपी रजनेश सिंह लगातार पूरे ऑपरेशन की मॉनिटरिंग करते रहे। पुलिस ने 10 टीमें गठित की थीं, जिनमें 3 टीमें तकनीकी सर्विलांस में लगी थीं। यूपी पुलिस और एटीएस के साथ तालमेल कर आरोपियों को दबोचा गया।

अब होगा बड़ा खुलासा: क्या बरामद होगा 3 करोड़ का सोना..??

अब आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर बिलासपुर लाया जाएगा, जहां पूछताछ के बाद— लूट का पूरा सोना बरामद करने गिरोह के नेटवर्क का खुलासा करने अन्य राज्यों से कनेक्शन की जांच की जाएगी।

 पुलिस की सबसे बड़ी कामयाबी: 24 घंटे में इंटरस्टेट गैंग का पर्दाफाश

इस कार्रवाई ने साबित कर दिया कि बिलासपुर पुलिस बड़े से बड़े अपराधियों को पकड़ने में सक्षम है,अब पूरे प्रदेश की नजर इस बात पर टिकी है कि लूट का पूरा सोना कब तक बरामद होता है और इस गिरोह के पीछे कौन-कौन शामिल है..

Banner