बिलासपुर लूटकांड Update - 200 CCTV में कैद सुराग,IG की अगुवाई में जंबो टीम सक्रिय..

# Neeraj Makhija | 18 Feb, 2026

बिलासपुर//- सरकंडा थाना क्षेत्र के राजकिशोर नगर में मंगलवार की रात ज्वेलरी कारोबारी से हुई दुस्साहसिक लूट के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश में अब तक का सबसे बड़ा सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है,शहर और आसपास के करीब 200 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इस हाई-प्रोफाइल मामले में रामगोपाल गर्ग समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी खुद मॉनिटरिंग कर रहे हैं..

राजकिशोर नगर टेलीफोन एक्सचेंज रोड निवासी ज्वेलरी व्यापारी संतोष तिवारी को बदमाशों ने रास्ते में रोककर मारपीट की और कार सहित जेवर लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद घायल कारोबारी को अस्पताल में भर्ती कराया गया, वहीं पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी..

उरतुम के पास मिली लूटी कार, जेवर के डिब्बे बरामद

घटना के बाद जिले की सीमाएं सील कर दी गईं और बाहर जाने वाले सभी मार्गों पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया,इसी दौरान सरकंडा क्षेत्र के उरतुम गांव के पास कारोबारी की कार लावारिस हालत में मिली। सूचना मिलते ही पुलिस और अधिकारी मौके पर पहुंचे। कार के पास से जेवर के कुछ खाली डिब्बे और थोड़ी मात्रा में सोने के जेवर बरामद किए गए, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया। डॉग स्क्वायड की मदद से तलाशी अभियान चलाया गया। डॉग कार से निकलकर सीधे खेतों की ओर गया, जिससे आशंका है कि बदमाश खेतों के रास्ते फरार हुए।

जांजगीर और मैनपाट से चोरी वाहनों का इस्तेमाल

जांच में यह भी सामने आया है कि वारदात में इस्तेमाल कार और बाइक दोनों चोरी की थीं। कार जांजगीर से और बाइक मैनपाट से चोरी की गई थी। पुलिस अब इन मामलों को जोड़कर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है..

पूरे जिले में अलर्ट, गांव-गांव खंगाल रही पुलिस

सरकंडा पुलिस, क्राइम ब्रांच और साइबर टीम संयुक्त रूप से आरोपियों की तलाश में जुटी है। आसपास के गांवों और शहर के प्रमुख मार्गों के CCTV फुटेज की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

Banner