सोसाइटी प्रीमियर लीग - सिख, सोनकर,मुस्लिम और सुदर्शन समाज क्वार्टर फाइनल में..

# Neeraj Makhija | 26 Dec, 2025

बिलासपुर //- फाउंडेशन क्रिकेट एकेडमी खेल मैदान में आयोजित सोसाइटी प्रीमियर लीग फ्लड लाइट क्रिकेट प्रतियोगिता में मंगलवार को खेले गए मुकाबले बेहद रोमांचक रहे।

प्री-क्वार्टर फाइनल के एक रोमांचक मैच में सिख समाज की टीम ने मनिहार समाज को आखिरी गेंद पर पराजित कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।

मैच में मनिहार समाज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 92 रन बनाए। जवाब में सिख समाज की टीम को अंतिम ओवर में 13 रन की जरूरत थी, जिसे टीम ने आखिरी गेंद पर पूरा कर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

सिख समाज की ओर से अगम हूरा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मात्र 15 गेंदों में 40 रन बनाए और मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार जीता। इस प्रकार सिख समाज, सोनकर समाज, मुस्लिम समाज और सुदर्शन समाज की टीमें क्वार्टर फाइनल में पहुंच चुकी हैं।

27 दिसंबर को चार क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे, जिनकी विजेता टीमें 28 दिसंबर को सेमीफाइनल में भिड़ेंगी। प्रतियोगिता का भव्य समापन 29 दिसंबर को फाइनल मैच एवं पुरस्कार वितरण समारोह के साथ होगा।

प्री-क्वार्टर फाइनल के अन्य मुकाबले मुस्लिम समाज बनाम गुप्ता समाज: मुस्लिम समाज ने 120 रन बनाकर 83 रन से जीत दर्ज की। सिंधी समाज बनाम यादव समाज: सिंधी समाज ने 96 रन बनाकर 30 रन से जीत हासिल की।

सुदर्शन समाज बनाम ब्राह्मण समाज: सुदर्शन समाज ने 65 रन से जीत दर्ज की। जयसवाल समाज बनाम सोनकर समाज: सोनकर समाज ने 6 विकेट से मुकाबला जीता। गुजराती समाज बनाम बंगाली समाज: बंगाली समाज ने 5 विकेट से जीत हासिल की।

अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति

प्रतियोगिता में नगर निगम उपायुक्त खजांची कुमार, पार्षद दिनेश देवांगन, राजेश डिसूजा, सीनू राव, रुपिन खंडूजा, डॉ. अमित सोनी, डॉ. रविंद्र सिंह अरोड़ा, नीरज माखीजा, अनुमनेश श्रीवास्तव, भूपेंद्र सिंह, शैलेश शर्मा, चरणजीत सिंह, जवाहर सराफ, संतोष साहू, अमर चौधरी, प्रीतपाल वाली, विजय धर दीवान, साजिद, उमेश मौर्य, सिद्धू राव, प्रतीक तिवारी, अमितेश राय, नितिन छाबड़ा, श्रेष्ठ पाठक, पुष्पेंद्र दुबे, संजय मिश्रा और रिंकू बग्गा सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और स्व. शेख गफ्फार की तस्वीर पर श्रद्धांजलि अर्पित की

सामाजिक एकता की मिसाल

भाजपा नेता विजय धर दीवान ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि यह प्रतियोगिता स्व. शेख गफ्फार को सामाजिक क्रिकेट के माध्यम से सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि शेख गफ्फार एक लोकप्रिय सामाजिक नेता थे, जिन्होंने सभी समाजों को साथ लेकर कार्य किया, उनकी याद में इस तरह के आयोजन करने वाले फाउंडेशन क्रिकेट एकेडमी के डायरेक्टर प्रिंस भाटिया को उन्होंने साधुवाद दिया

वहीं प्रीतपाल वाली ने कहा कि जाति-धर्म से ऊपर उठकर समाज को एक सूत्र में बांधने का इससे बेहतर प्रयास नहीं हो सकता। उन्होंने आयोजन समिति एवं फाउंडेशन क्रिकेट एकेडमी के अध्यक्ष प्रिंस भाटिया को बधाई दी।

पार्षद राजेश डिसूजा, सीनू राव और दिनेश देवांगन ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि यह प्रतियोगिता सभी समाजों के युवाओं को एक बड़ा मंच प्रदान कर रही है और नई प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर दे रही है।

Banner