जांच के दौरान जब आरक्षक ने रोका बाइक सवार शराबियों को तो करने लगे हुज्जतबाजी..

# Neeraj Makhija | 30 May, 2024

डेस्क//- कोतवाली क्षेत्र के रिवर व्यू में शराब के नशे में एक बाइक पर तीन युवक सवार थे। आरक्षक ने उन्हें रोककर जांच की बात कही तो गुस्से में बोले कि तू हमें रोकने वाला कौन होता है और इसकी बाद उनसे झूमाझटकी करने लगे। आरक्षक की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने युवकों के खिलाफ शासकीय काम में बाधा समेत अन्य धाराओं में कार्रवाई की है..

कोतवाली सीएसपी ने बताया कि मंगलवार को पुलिस की टीम रिवर व्यू पर वाहनों की जांच कर रही थी,इसी दौरान आरक्षक नरेश निराला ने एक बाइक पर सवार तीन युवकों को रोककर जांच की बात कहते हुए दस्तावेज दिखाने कहा। इस पर बाइक सवार शैलेष दिवाकर, संतराम सूर्यवंशी निवासी लालखदान और मोपका निवासी राजन किशोर खांडे ने आरक्षक से बदसलूकी शुरू कर दी। आरक्षक ने उनकी हरकतों का अपने मोबाइल पर वीडियो बनाना शुरू कर दिया। इसे देख युवकों ने आरक्षक से झूमाझटकी शुरू कर दी..

मौके पर मौजूद जवानों ने युवकों को किसी तरह काबू में किया। आरक्षक ने इसकी जानकारी अधिकारियों को दी। इसके बाद तीनों युवकों को थाने लाया गया। युवकों के खिलाफ पुलिस ने धारा 294, 186, 353, 332, 34 के तहत कार्रवाई की है।

एसपी ने कहा जांच में करें सहयोग, जवानों से गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं..

एसपी रजनेश सिंह ने कहा है कि ड्यूटी के दौरान पुलिस के जवानों से अनावश्यक ना उलझें। पुलिस के किसी अधिकारी-कर्मचारी के व्यवहार को लेकर समस्या होने पर उच्च अधिकारियों से लिखित में शिकायत की जा सकती है। शिकायत की जांच कराई जाएगी। ड्यूटी के दौरान पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी से गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस तरह का मामला सामने आने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी..

Banner