पति के शक करने से तंग आकर पत्नी ने दे दी पति की सुपारी..

# Neeraj Makhija | 18 May, 2024

डेस्क//-: शादी के 12 साल बाद भी चरित्र शंका करने से तंग आकर पत्नी ने पति को जान से मारने की सुपारी दे दी। सही समय पर पेट्रोलिंग पार्टी के पहुंचने से जान बचाने के बाद मामले का खुलासा हुआ और तीन सुपारी किलरो व पत्नी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है..

आपको बता दे शादी के बारह साल बाद भी पति के द्वारा चरित्र शंका करने से परेशान होकर पत्नी ने अपने पति के हत्या के लिए पचास हजार रुपए की सुपारी दे दी। पुलिस की पेट्रोलिंग पार्टी के सही समय पर पहुंच जाने के चलते पति की जान बच सकी। पुलिस ने हत्या की साजिश रचने वाली पत्नी और सुपारी लेने वाले तीन को गिरफ्तार किया है। मामला नेवई थाना क्षेत्र का है..

दुर्ग ज़िले के नेवई थाना क्षेत्र में 16 मई की देर शाम एक शख्स खून से लथपथ अपनी पत्नी के साथ पुलिस पेट्रोलिंग पार्टी को मिला। पेट्रोलिंग पार्टी शख्स को जिला अस्पताल ले गई और उसके बाद उसे गंगोत्री अस्पताल रेफर किया। शख्स को होश आने के बाद जो खुलासा हुआ वह चौंकाने वाला निकला। दरअसल यह पूरा मामला पति-पत्नी के बीच विवाद का निकला। पत्नी ने पति की हत्या के लिए तीन बदमाशों को 50 हजार की सुपारी दी थी। समय पर पुलिस पहुंच गई और गंभीर रूप से घायल शख्स को बचा लिया। इस मामले में पुलिस ने शातिर महिला के साथ उसके तीन साथियों को गिरफ्तार कर लिया है

दरअसल घटना 16 मई की देर शाम लगभग 7 बजे की है। थाना नेवई पेट्रोलिंग द्वारा आउटर एरिया नेवई डेम क्षेत्र के संदिग्धों पर नजर रखने पेट्रोलिंग किया जा रहा था। इस दौरान नेवई डेम किनारे अंधेरे में एक व्यक्ति खून से लथपथ अपनी पत्नि के साथ विवाद कर रहा था। यह देखकर पेट्रोलिंग टीम पास गई तो देखा कि उस व्यक्ति के गले में गंभीर चोट लगी है और काफी खून निकल रहा था। घायल व्यक्ति को पुलिस टीम ने तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया। वह बातचीत करने की स्थिति में नहीं था। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर नेवई पुलिस ने हत्या का प्रयास करने वालों की तलाश शुरू कर दी

इधर इलाज के बाद बातचीत करने की हालत में आने पर पुलिस ने उसका बयान लिया तो चौंकाने वाली बात निकली। घायल व्यक्ति ने अपना नाम तौकीर आलम निवासी कुरुद रोड कोहका बताया। तौकीर ने बताया कि 12 साल पहले उसकी शादी नीदा अंजुम के साथ हुई है। उसकी 6 साल व 8 साल की दो बेटियां हैं। तौकीर सुबह इलेक्ट्रिशियन का काम करता है और शाम को जोमैटो में डिलीवरी बॉय का काम करता है। पूछताछ में उसने बताया कि 16 मई की रात को उसकी पत्नी नीदा अंजुम ने पेट्रोल खत्म होने की बात कहकर पेट्रोल लेकर नेवई डेम पर पहुंचने कहा। उसने बताया कि जब वह रात 8 से 9 बजे के बीच पेट्रोल लेकर नेवई डेम पहुंचा और स्कूटी की चाबी आसपास कहीं गुम हो जाने की बात कही। जब तौकीर आलम ने चाबी ढूंढने लगा तो पास में खड़े एक अज्ञात व्यक्ति जो मुंह में स्कार्फ बांधा था, उसने कहा कि  चाबी यहां पर है। तौकीर आलम ने उससे चाबी ली और पीछे मुड़कर गाड़ी की ओर आने लगा तो पीछे से उसने धारदार हथियार से गले पर वार कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस को तौकीर ने यह भी बताया कि इस पूरी घटना के पीछे उसकी पत्नी के होने की आशंका है। बयान के आधार पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया। इसके बाद पुलिस ने तौकीर आलम की पत्नि संदेही नीदा अंजुम को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की

शुरू शुरू में तो नीदा मुकरती रही पर पुलिस के द्वारा सख्ती बरतने पर नीदा अंजुम ने पूरी सच्चाई बता दी। उसने बताया कि शादी के बाद से पति उस पर चरित्र संदेह करता था। साथ ही नीदा को भी अपने पति के चरित्र पर संदेह था। जिसके कारण पति–पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। जिससे परेशान होकर अपने पति तौकीर आलम को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया। उसने अपने मुंहबोले भाई आजाद केंवट को अपना प्लान बताया। तब आजाद केंवट ने अपने दोस्त देव कुमारं चौधरी एवं जय कुमार के साथ मिलकर तौकीर आलम की हत्या करने के लिये 50,000 रुपए में सौदा तय किया

 इसके बाद नीदा अंजुम, आजाद केवंट, देव कुमार चौधरी एवं जय कुमार ने तौकीर को जान से मारने की योजना बनाई। साथ ही तय योजना के अनुसार तौकीर आलम को झांसे में ले नेवई डेम बुलवाया और उस पर जानलेवा हमला कर दिया। पर पुलिस की पेट्रोलिंग पार्टी के सही समय पर पहुंचने के चलते तौकीर की जान बच गई और पूरे मामले का खुलासा हो गया

 नेवई थाना प्रभारी आनंद शुक्ला की टीम ने 48 घंटों में ही पूरे मामले का खुलासा कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। एएसपी सुखनंदन राठौर ने आज पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि नीदा अंजुम अपनी स्कूटी से तथा आजाद केंवट अपनी स्कार्पियों में अपने साथी देव कुमार व जय कुमार को साथ लेकर नेवई डेम पहुंचे। रात करीब 8 बजे योजनाबद्ध तरीक से नीदा अंजुम ने अपने पति तौकीर को पेट्रोल खत्म होने का बहाना कर वाटसअप काल कर नेवई डेम बुलाया ताकि कॉल डिटेल में उसका नंबर न दिखे। देव कुमार चौधरी व आजाद केंवट स्कार्पियों में बैठकर तथा जय कुमार मुंह में स्कार्फ बांधकर अपने जेब मे धारदार कटर एवं नीदा अंजुम की गाड़ी की चाबी को अपने पास रखकर इंतजार कर रहा था। जैसे ही तौकीर आलम पेट्रोल लेकर नेवई डेम आया और पेट्रोल डालने के लिये स्कूटी का चाबी मांगी तो उसने गुम हो जाने की बात कह दी। तब तौकीर चाबी ढूंढने लगा तो पास खडे जय कुमार ने चाबी यहां पर है कहकर पास बुलाकर चाबी दिया और पास में रखे धारदार कटर से गले में तीन-चार बार वार कर दिया। इसके बाद सभी वहां से भाग गए। पुलिस ने नीदा अंजुम के बयान के बाद उसके साथी आजाद केंवट, देव कुमार चौधरी एवं जय कुमार मेहता को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों को न्यायिक रिमांड में भेजा गया है।

Banner